सोनभद्र। आगामी दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में मनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पहले से ही चौकन्ना है। इसी बीच ओबरा पुलिस ने बीती रात एक सनसनीखेज कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखों के भंडारण का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गजराज नगर स्थित एक गोदाम में छापा मारकर लगभग 90 किलो विस्फोटक सामग्री (पटाखे) बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹2.85 लाख बताई जा रही है। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के सख्त निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडेय के कुशल नेतृत्व में अंजाम दी गई।सूत्रों के मुताबिक, ओबरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गजराज नगर स्थित आर.के. एजेंसी के गोदाम में अवैध रूप से पटाखों का भारी भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ओबरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना समय गवाएं बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान गोदाम से भारी मात्रा में विस्फोटक पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर मौजूद गोदाम संचालक मिंटू कुमार गोयल पुत्र स्व. हेमराज गोयल को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिना लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के इस तरह का विस्फोटक भंडारण किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था। त्योहारों के सीजन में अवैध पटाखों का कारोबार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आसपास के लोगों की जान-माल के लिए भी गंभीर खतरा है।थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस छापेमारी से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दीपावली और छठ पर्व पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अवैध पटाखा बिक्री या भंडारण करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। ओबरा पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र के लिए बड़ी राहत साबित हुई है — क्योंकि यह संभावित बड़ी दुर्घटना को टालने में मददगार रही। त्योहारों पर सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सख्ती जारी रहेगी। “कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा” — पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा।
Tags
Sonbhadra
