बीजपुर (सोनभद्र)।मिशन शक्ति 5.0 के तहत डीएवी पब्लिक स्कूल में पुलिस टीम ने दिखाई जागरूकता की ‘लघु फिल्म’, छात्राओं को दी कानूनी व साइबर सुरक्षा की अहम जानकारी उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-5 — सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” के तहत बीजपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर में गुरुवार को महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा पर आधारित विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं व शिक्षिकाओं को लघु फिल्मों के माध्यम से साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री राजकुमार द्वारा थाना बीजपुर के थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में पधारे उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे, महिला दीवान उमावती, एवं दीवान अमित कुमार के स्वागत व अभिनंदन से हुआ। तत्पश्चात विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक अरुण कुमार सिंह के सहयोग से पुलिस टीम ने छात्राओं को लघु फिल्मों के माध्यम से जागरूक किया।फिल्मों के जरिए छात्राओं को बताया गया कि साइबर अपराधी किस तरह सोशल मीडिया, फेक लिंक और अज्ञात ईमेल के जरिए लोगों को ठगने या ब्लैकमेल करने का प्रयास करते हैं। फिल्म में दिखाया गया कि अज्ञात लिंक पर क्लिक करने या अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। साथ ही यह भी बताया गया कि अश्लील संदेश, वीडियो या छेड़छाड़ की घटनाओं की शिकायत तुरंत पुलिस को करनी चाहिए।महिला दीवान उमावती ने छात्राओं से कहा कि “यदि कभी भी रास्ते में या घर से स्कूल आते-जाते असुरक्षित महसूस करें, तो तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।” उन्होंने छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर — 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता), 1098 (बाल सहायता) और 102 (आपात स्वास्थ्य सेवा) — की जानकारी दी।साइबर सुरक्षा पर जानकारी देते हुए दीवान अमित कुमार ने कहा कि “ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों से बचाव के लिए हर किसी को सतर्क रहना चाहिए।” उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई और कहा कि “एक मजबूत पासवर्ड ही साइबर अपराधियों से पहली सुरक्षा है।”कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे ने कहा — “बीजपुर पुलिस हमेशा महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है। मिशन शक्ति का उद्देश्य है कि हर बेटी आत्मविश्वास के साथ समाज में आगे बढ़ सके और किसी भी प्रकार की असुरक्षा महसूस न करे।”कार्यक्रम के अंत में शिक्षक अनंत मोहन ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “इस तरह के जागरूकता अभियान समाज में महिला सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।” उन्होंने थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।इस अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिकाएं — समता सिंह, रंजना सिंह, शगुफ्ता शबनम, सोनी कुमारी, बबिता कन्नौजिया, ज्योत्सना यादव, माधुरी यादव, अनामिका त्रिपाठी, आकृति पांडे, अलीशा सिंह, स्मृति सिंह, श्रद्धा ठाकरे आदि — मौजूद रहीं।कार्यक्रम का समापन उत्साह और जागरूकता के संदेश के साथ हुआ — “सशक्त नारी ही समृद्ध प्रदेश की पहचान है।
Tags
Sonbhadra
