सोनभद्र/दिनांक 17 फरवरी, 2026।जनपद प्रशासन ने टैक्स अनुशासन को लेकर कमर कस ली है। जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में टीडीएस (Tax Deducted at Source) कटौती को नियमित और पारदर्शी बनाने हेतु एक अहम सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें समस्त कार्यालयों के आहरण एवं वितरण अधिकारी (DDO) तथा संबंधित कर्मचारी शामिल हुए।
बैठक में इनकम टैक्स विभाग, इलाहाबाद के अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि कर्मचारियों के वेतन से टीडीएस कटौती नियमित रूप से की जाए, किसी भी स्थिति में एकमुश्त भारी कटौती न की जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि टीडीएस को लगभग 12 किस्तों में विभाजित कर काटा जाए, जिससे वित्तीय वर्ष के अंत में कर्मचारियों पर अतिरिक्त कर भार न पड़े।अधिकारियों ने यह भी चेताया कि टीडीएस रिटर्न की फाइलिंग समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से की जाए तथा प्रत्येक तिमाही में कटौती का मिलान (Reconciliation) कर विवरणों की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही को गंभीर माना जाएगा।बैठक में बताया गया कि आयकर अधिनियम में हालिया संशोधन लागू हो चुके हैं, लेकिन टीडीएस की मूल प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं है, इसलिए पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही कार्यवाही जारी रहेगी। सभी डीडीओ को निर्देशित किया गया कि वे आवश्यक प्रपत्र समय से प्राप्त कर कटौती सुनिश्चित करें, अन्यथा जिम्मेदारी तय की जाएगी।इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ऑफ इनकम टैक्स संजीव कुमार पांडे, इनकम टैक्स ऑफिसर अंसल पांडे, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर शिव कुमार पांडे सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
