चोपन थाना की साइबर टीम की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी विश्लेषण से ठगों पर वार
जिला संवाददाता सौरभ पांडे
सोनभद्र। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चोपन थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर टीम ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए एक पीड़ित के ₹40,000 की पूरी रकम उसके खाते में वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है।
पीड़ित बबलू पुत्र किशन लाल बंजारा, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश के नीमच जनपद के माता जी की खेड़ी का निवासी है और वर्तमान में चोपन में रह रहा है, उसके खाते से अज्ञात साइबर अपराधियों ने छलपूर्वक ₹40,000 उड़ा लिए थे।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर सक्रिय हुई टीम ने तेजी से कार्रवाई शुरू की।
अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक थाना चोपन के नेतृत्व में साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए संबंधित बैंक/संस्था से तत्काल संपर्क किया।
टीम की मुस्तैदी और त्वरित ईमेल पत्राचार का ही परिणाम रहा कि ठगी गई पूरी धनराशि ₹40,000 सुरक्षित रूप से पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा, महिला कांस्टेबल प्राची शुक्ला और महिला कांस्टेबल शैलजा सिंह की अहम भूमिका रही।
