Ad Code


 

कलेक्ट्रेट में गूंजा अनुदेशकों का सम्मान, 17 हजार मानदेय की सौगात से खिल उठे चेहरे


सोनभद्र
।जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जहां उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा मानदेय बढ़ाकर 17 हजार रुपये किए जाने की घोषणा के बाद खुशी का माहौल देखने को मिला। प्रदेश के 24,517 अनुदेशकों के साथ सोनभद्र के 460 अनुदेशकों को भी इस फैसले का सीधा लाभ मिलना शुरू हो गया है।


कार्यक्रम में लखनऊ से आयोजित राज्यस्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। जैसे ही मानदेय वृद्धि की घोषणा हुई, पूरा सभागार तालियों और उत्साह से गूंज उठा। समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुदेशकों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा अप्रैल माह के बढ़े हुए मानदेय के रूप में 17 हजार रुपये का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया गया।


मुख्य अतिथि संजीव कुमार गोड़ ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार लगातार शिक्षकों और मानदेय कर्मियों के हित में ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। उन्होंने अनुदेशकों को शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

चर्चित गौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक और अनुदेशक बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को मूल्य आधारित शिक्षा देने और उनकी रुचि एवं सीखने के स्तर के अनुसार शिक्षण कार्य करने पर जोर दिया।

वहीं भूपेश चौबे ने अनुदेशकों को बधाई देते हुए कहा कि खेल, कला और कृषि जैसे क्षेत्रों में बच्चों की प्रतिभा निखारने की बड़ी जिम्मेदारी अनुदेशकों पर है। उन्होंने सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे विषयों पर बच्चों को जागरूक करने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता, आयोग उपाध्यक्ष जीत सिंह, विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में अनुदेशक, शिक्षक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ