Ad Code


 

उत्तर प्रदेश में लू का कहर बढ़ने वाला, 19 मई से कई जिलों में तीव्र हीटवेव की चेतावनी


सोनभद्र/17 मई 2026
।उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केन्द्र लखनऊ द्वारा जारी प्रभाव आधारित मौसम पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 21 मई तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 17 मई से कई जिलों में लू और 19 मई से तीव्र लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने सोनभद्र, वाराणसी, प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, कानपुर नगर, झांसी, आगरा, इटावा और महोबा समेत कई जिलों में गर्म हवाओं का असर अधिक रहने की आशंका जताई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में 20 और 21 मई को कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है।

मौसम विभाग ने आगाह किया है कि अत्यधिक गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। विशेष रूप से मजदूरों, किसानों, बुजुर्गों, बच्चों और लंबे समय तक धूप में काम करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि हीटवेव के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें।

प्रशासन ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, नींबू पानी और छाछ का सेवन करने, हल्के सूती कपड़े पहनने तथा बाहर निकलते समय सिर ढकने की सलाह दी है। साथ ही दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में बाहर न निकलने, खाली पेट काम न करने और बंद वाहनों में अधिक देर तक न बैठने की अपील की गई है। स्वास्थ्य खराब होने, चक्कर आने या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की सलाह दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ