असुरजीत शर्मा की कप्तानी में AJ 11 ने रचा इतिहास, वारियर को हराकर जीती नाईट सर्किल क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 की चमचमाती ट्रॉफी
सोनभद्र।अनपरा में लगभग एक महीने तक चले नाईट सर्किल क्रिकेट प्रतियोगिता-04 (2026) का भव्य समापन शनिवार रात बुद्ध पार्क मैदान में हुआ। फाइनल मुकाबले में AJ 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वारियर टीम को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। जीत के बाद मैदान तालियों, पटाखों और खिलाड़ियों के उत्साह से गूंज उठा।
प्रतियोगिता में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया और पूरे टूर्नामेंट के दौरान रोमांच अपने चरम पर रहा। फाइनल मुकाबले में वारियर टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 71 रन बनाए। श्रीकांत वर्मा ने 38 रन और एसपी बाबू ने 12 रन की अहम पारी खेली। जवाब में कप्तान असुरजीत शर्मा की अगुवाई वाली AJ 11 ने 11.4 ओवर में 73 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।
गेंदबाजी में अजय पटेल ने किफायती प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट झटके, जबकि शक्ति प्रकाश ने भी शानदार गेंदबाजी की। जीत के बाद कप्तान असुरजीत शर्मा ने ट्रॉफी उठाकर पूरी टीम के साथ जश्न मनाया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अनपरा तापीय परियोजना के महाप्रबंधक ई. चंद्र प्रकाश मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने युवाओं से मोबाइल और सोशल मीडिया से निकलकर मैदान से जुड़ने की अपील भी की।
विशिष्ट अतिथि इं. निखिल चतुर्वेदी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आयोजन समिति की सराहना की। आयोजन समिति के इं. विजय दिनकर, मुख्य आयोजक इंद्रसेन गौतम और डॉ. विशाल मोहन ने सभी अतिथियों एवं खिलाड़ियों का आभार जताया।
इन खिलाड़ियों को मिला सम्मान
मैन ऑफ द मैच (फाइनल) — सुरेंद्र पटेल
मैन ऑफ द सीरीज — अमित सिंह
बेस्ट बल्लेबाज — अमित सिंह
बेस्ट गेंदबाज — असुरजीत शर्मा
उपविजेता वारियर टीम के कप्तान इं. शैलेश यादव ने रनर-अप ट्रॉफी ग्रहण की, जबकि तीसरे स्थान पर रही नाईट टीम के कप्तान प्रवीण कश्यप को भी सम्मानित किया गया।
फाइनल मुकाबले में निर्णायक की भूमिका इं. सुशील सिंह और संजय वाल्मीकि ने निभाई, जबकि कार्यक्रम का संचालन इं. सचिन कनौजिया ने किया।
यह प्रतियोगिता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने यह साबित कर दिया कि व्यस्त औद्योगिक जीवन के बीच खेल ही वह माध्यम है जो कर्मचारियों और युवाओं को एकजुट कर ऊर्जा और उत्साह से भर देता है।






0 टिप्पणियाँ