नेटवर्क विहीन इलाकों में लगेंगे नए मोबाइल टावर, डीएम चर्चित गौंड ने दूरसंचार कंपनियों को दिया सख्त निर्देश
सोनभद्र। आगामी विधानसभा निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अब हाईटेक तैयारी में जुट गया है। जनपद के दूरस्थ और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में संचार व्यवस्था मजबूत करने को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौंड ने बड़ा कदम उठाया है।
डीएम की अध्यक्षता में बीएसएनएल, जिओ और एयरटेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव के दौरान मोबाइल नेटवर्क की समस्या को खत्म करने पर विस्तार से मंथन हुआ।
बैठक में जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए कि ऐसे सभी मतदान केंद्र, विद्यालय और ग्रामीण क्षेत्र तत्काल चिन्हित किए जाएं जहां मोबाइल नेटवर्क कमजोर या पूरी तरह बाधित रहता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान संचार व्यवस्था सबसे अहम कड़ी होती है और किसी भी बूथ पर नेटवर्क की समस्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने टेलीकॉम कंपनियों को निर्देशित करते हुए कहा कि चिन्हित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाए। जहां आवश्यकता हो वहां नए मोबाइल टावर लगाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए ताकि मतदान, सुरक्षा और प्रशासनिक समन्वय में कोई बाधा न आए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए और कहा कि नेटवर्क सुधार कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही या शिथिलता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी।
प्रशासन का लक्ष्य है कि जनपद के हर मतदान केंद्र पर निर्बाध और मजबूत नेटवर्क सुविधा उपलब्ध रहे, ताकि विधानसभा चुनाव पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जा सके।





0 टिप्पणियाँ