Ad Code


 

पिपरा गुम में भैरो नाथ मंदिर में वैदिक रीति से हुई मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा, उमड़े श्रद्धाल


लखीमपुर खीरी, 26 मई
फूलबेहड़ ब्लॉक के ग्राम पिपरा गुम स्थित प्राचीन भगवान भैरो नाथ जी के मंदिर में सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार व विधि-विधान के साथ भगवान भैरो नाथ की नई मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा व यज्ञ-हवन का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।यह धार्मिक अनुष्ठान गांव के करन पाल सिंह, विनोद सिंह, हरिबक्श सिंह व राजवीर सिंह के विशेष सहयोग व समस्त ग्रामवासियों के तन-मन-धन के सहयोग से कराया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल रहा। मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्य मुख्य पुरोहित अनुराग शास्त्री के आचार्यत्व में संपन्न हुआ। उनके साथ आचार्य ज्ञानी तिवारी, सचिन कृष्ण व सतेंद्र बाजपेयी ने वैदिक मंत्रों, दुर्गा सप्तशती पाठ व हवन-पूजन के साथ समस्त धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। मूर्ति स्थापना से पूर्व जलाधिवास, अन्नाधिवास, फलाधिवास व शय्याधिवास आदि संस्कार कराए गए।दिनभर चले यज्ञ में गांव के महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर घी, सामग्री व समिधा की आहुतियां दीं। यजमानों ने सपत्नीक पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, झालरों व विद्युत सज्जा से भव्य रूप से सजाया गया था। ढोल-नगाड़ों व शंखध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।प्राण-प्रतिष्ठा के बाद भगवान भैरो नाथ जी की महाआरती की गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। आयोजक करन पाल सिंह ने बताया कि मंदिर काफी पुराना था और मूर्ति खंडित हो गई थी। ग्रामवासियों की इच्छा पर नई मूर्ति की स्थापना कराई गई है। मान्यता है कि भगवान भैरो नाथ जी की कृपा से गांव में सुख-समृद्धि व खुशहाली आती है।इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी व आसपास के गांव फूलबेहड़, अतरौली, मुड़िया आदि से भी श्रद्धालु पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए गांव के युवाओं ने सहयोग किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ