5 दिन में खतौनी अपडेट करने का लक्ष्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
सोनभद्र। जनपद में खतौनी संबंधी लंबित अंश निर्धारण मामलों को तेजी से निपटाने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने 12 मई से 16 मई 2026 तक विशेष अभियान शुरू करा दिया है। डीएम ने सभी तहसीलों को ग्रामवार कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध तरीके से अंश निर्धारण पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत सभी क्षेत्रीय लेखपालों को अपनी प्रगति हर तीन घंटे के अंतराल पर गूगल शीट में अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रशासन स्तर से लगातार निगरानी की जा सके। डीएम ने कहा कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य राजस्व अभिलेखों को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, जिससे आमजन को जमीन और राजस्व संबंधी कार्यों में राहत मिल सके।
अभियान के पहले ही दिन प्रशासनिक मशीनरी सक्रिय नजर आई। शाम 4 बजे तक जनपद की चारों तहसीलों में कुल 2811 अंश निर्धारण की कार्रवाई पूरी की गई। इनमें रॉबर्ट्सगंज में 490, घोरावल में 489, ओबरा में 304 और दुद्धी तहसील में सबसे अधिक 1528 अंश निर्धारण किए गए।
प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से लंबे समय से लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण होगा और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।





0 टिप्पणियाँ