सड़क, पानी और स्कूल योजनाओं का औचक निरीक्षण, अफसरों में मचा हड़कंप
सोनभद्र। जनपद में विकास कार्यों की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गोंड शुक्रवार को अचानक फील्ड में उतर पड़े। डीएम के औचक निरीक्षण से संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया। उन्होंने नगर पंचायत की पेयजल योजना, स्कूल और सड़क चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं समयबद्धता को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
सबसे पहले जिलाधिकारी ने घोरावल नगर पंचायत पेयजल पुनर्गठन योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि योजना को जल्द और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल मिल सके। डीएम ने दो टूक कहा कि कार्य में लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी।इसके बाद डीएम ने कलवारी-रॉबर्ट्सगंज मार्ग चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर सड़क निर्माण में इस्तेमाल हो रही गिट्टी की मात्रा की जांच कराई और अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले सड़क चौड़ीकरण का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।जिलाधिकारी ने राजकीय बालिका हाई स्कूल हिनौती का भी निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी विभागों को योजनाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।निरीक्षण के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी एवं ग्रामीण), जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Tags
sonbhadra


