मजदूर दिवस पर श्रमिकों को मिला सम्मान, योजनाओं की बरसी सौगात

 


अटल आवासीय विद्यालय गुरमुरा में भव्य समारोह, सीएम का संबोधन लाइव दिखाया गया


सोनभद्र, 01 मई 2026।
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अटल आवासीय विद्यालय, गुरमुरा-सोनभद्र के बहुद्देशीय भवन में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों के अधिकार, कल्याणकारी योजनाओं और श्रम कानूनों की जानकारी देकर मजदूरों को जागरूक किया गया। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योग विभाग, श्रम विभाग, सेवायोजन प्रतिनिधियों एवं श्रमिक संगठनों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं न्यायाधीश  राहुल, मुख्य विकास अधिकारी, जागृति अवस्थी, उप श्रमायुक्त मिर्जापुर क्षेत्र  अचला पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग विनोद चौधरी सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी तथा श्रम अधिनियमों के तहत मिलने वाले अधिकारों के प्रति जागरूक किया।इस दौरान मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण भी कार्यक्रम स्थल पर दिखाया गया, जिसे उपस्थित श्रमिकों, विद्यार्थियों एवं अधिकारियों ने ध्यानपूर्वक देखा। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की रीढ़ बताते हुए उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।समारोह के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ वितरण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं अटल आवासीय विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।उधर ओबरा तापीय परियोजना में भी मजदूर दिवस कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक की उपस्थिति में सेवायोजकों, श्रमिक प्रतिनिधियों एवं श्रमिकों ने कार्यक्रम का लाभ उठाया।श्रम विभाग, सोनभद्र द्वारा मजदूर दिवस सप्ताह के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सहयोग से “श्रमिक आरोग्य मेला” का आयोजन भी किया जा रहा है। यह मेला 28 अप्रैल से 03 मई 2026 तक जिले के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आयोजित किया जा रहा है, जहां श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।मजदूर दिवस के इस आयोजन ने न केवल श्रमिकों के सम्मान को नई ऊंचाई दी, बल्कि उन्हें उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण कार्य किया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने