नई बस्ती में देर रात मची सनसनी, पुलिस जांच में जुटी — पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सोनभद्र। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र की नई बस्ती में सोमवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब डाला नगर पंचायत में कार्यरत एक संविदा कर्मी का शव घर के किचन रूम में फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
मृतक की पहचान नई बस्ती निवासी गोविंद गुप्ता (35) पुत्र स्वर्गीय गोपाल गुप्ता के रूप में हुई है, जो डाला नगर पंचायत में संविदा कर्मी के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब 12 बजे परिजनों को घर के किचन रूम में कुछ संदिग्ध लगा। जब खिड़की से झांककर देखा गया तो गोविंद फंदे से लटके दिखाई दिए। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी डाला घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद किचन का दरवाजा खोला गया और गोविंद गुप्ता को फंदे से नीचे उतारकर आनन-फानन में निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस दर्दनाक घटना के बाद नई बस्ती क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है।





0 टिप्पणियाँ