Ad Code


 

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर सड़क पर उतरे सपाई, वाहन खींचकर जताया विरोध


सोनभद्र
।मंगलवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सपाइयों ने वाहन खींचकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।

सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार अहंकार की पराकाष्ठा पार कर चुकी है और जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि आम लोग महंगाई से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है।

नगर अध्यक्ष सरदार पार ब्रह्म सिंह ने कहा कि सरकार गरीबी कम करने के बजाय उसे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने युवाओं को रोजगार न मिलने और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों की आलोचना की।

छात्र नेता मुकेश यादव ने कहा कि पढ़े-लिखे युवा बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे हैं, जबकि शिक्षा और स्वास्थ्य का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। नगर सचिव शौर्य त्रिपाठी और जुनैद अंसारी ने भी पेट्रोल-डीजल समेत आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई।

कार्यक्रम का संचालन नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरि ने किया। इस मौके पर नगर सचिव मनीष केडिया, विकास पटेल, राजपाल भारती, अनिल विश्वकर्मा, सरजू प्रसाद, गोपाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ