बांदा।जनहित और विकास को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से आज सर्किट हाउस सभागार में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रस्तावित नई सड़कों एवं संपर्क मार्गों के निर्माण संबंधी प्रस्तावों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया, जिस पर गहन चर्चा के बाद कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अनुमोदन प्रदान किया गया।
बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि किसी भी क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक प्रगति की मजबूत नींव होती हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क से गांव, कस्बे और शहर विकास की मुख्यधारा से जुड़ते हैं, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों में अभूतपूर्व वृद्धि होती है।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं, ताकि आमजन को जल्द से जल्द बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। साथ ही उन क्षेत्रों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया जहां सड़क सुविधाओं के अभाव में लोगों को लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नई सड़क परियोजनाओं के अनुमोदन से अब विकास की रफ्तार और तेज होगी। आने वाले समय में ये सड़कें न केवल दूरी कम करेंगी, बल्कि जनपद की तरक्की का नया इतिहास भी लिखेंगी।





0 टिप्पणियाँ