Ad Code


 

‘सीएम-युवा’ योजना से युवाओं के सपनों को मिली नई उड़ान

1743 युवाओं को मिला ब्याजमुक्त ऋण, स्वरोजगार से बदल रही जिंदगी
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) योजना जिले के युवाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। नौकरी की तलाश में भटकने वाले युवा अब खुद का कारोबार शुरू कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं और दूसरों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि योजना के तहत अब तक जिले के 1743 युवाओं को बिना गारंटी और 100 प्रतिशत ब्याजमुक्त ऋण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा चुका है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1366 युवाओं को लाभ मिला, जबकि चालू वित्त वर्ष में अब तक 77 युवाओं को योजना से जोड़ा जा चुका है।
गृहणी से बनी सफल उद्यमी
रॉबर्ट्सगंज की प्रीति दुबे ने इस योजना के तहत पांच लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण लेकर अपना ब्यूटी पार्लर शुरू किया। आज उनका पार्लर न सिर्फ अच्छी आमदनी का जरिया बन चुका है, बल्कि वहां तीन युवतियों को रोजगार भी मिल रहा है। प्रीति का कहना है कि योजना ने उनके जीवन को नई दिशा दी है।
केतन का रेस्टोरेंट बना युवाओं के लिए प्रेरणा
रॉबर्ट्सगंज निवासी केतन पांडेय पहले नौकरी की तलाश में थे, लेकिन योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आधुनिक रेस्टोरेंट शुरू किया। स्वच्छता, गुणवत्ता और ग्राहक संतुष्टि के कारण उनका रेस्टोरेंट तेजी से लोकप्रिय हुआ। केतन बताते हैं कि सभी खर्चों के बाद उन्हें हर महीने लगभग 20 हजार रुपये की आमदनी हो रही है और कई लोगों को रोजगार भी मिला है।
युवाओं में बढ़ा आत्मविश्वास
सीएम-युवा योजना से जिले में स्वरोजगार को नई पहचान मिल रही है। सरकार की इस पहल से युवा अब नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बन रहे हैं। योजना ने युवाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई ऊर्जा भर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ