भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ ने किया भव्य आयोजन, वरिष्ठ पत्रकार राहुल श्रीवास्तव ने कहा – आर्थिक रूप से सशक्त होगा पत्रकार, तभी मजबूत होगी निष्पक्ष पत्रकारिता
ओबरा, सोनभद्र। हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, सोनभद्र इकाई के तत्वावधान में नगर के एक प्रेक्षागृह में विचार संगोष्ठी एवं भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता की परंपरा, परिवर्तन और जिम्मेदारी पर गंभीर मंथन हुआ तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।मुख्य अतिथि चांदनी देवी ने पत्रकारों को हिन्दी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि "पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, उसकी स्वतंत्रता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।"कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि निष्पक्ष और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए पत्रकारों का आर्थिक रूप से सुरक्षित और मजबूत होना बेहद आवश्यक है। आर्थिक चुनौतियां पत्रकारिता की गुणवत्ता और स्वतंत्रता दोनों को प्रभावित करती हैं।संगोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार नरेन्द्र नीरव, सुनील तिवारी, एसपी तनेजा, समाजसेवी देव प्रकाश मौर्य, क्रेशर एसोसिएशन अध्यक्ष अजय सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने हिन्दी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास, दायित्व और सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता समाज की वह सशक्त आवाज है जो जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर न्याय और परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करती है।ओबरा थाना प्रभारी सदानंद राय ने सकारात्मक पत्रकारिता को समाज हित में आवश्यक बताते हुए पत्रकारों की भूमिका की सराहना की।संगोष्ठी के उपरांत ओबरा, चोपन और डाला क्षेत्र के पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सतीश भाटिया को महासंघ का उत्तर प्रदेश प्रदेश उपाध्यक्ष तथा भोला दूबे को विंध्याचल मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर विशेष सम्मान दिया गया।कार्यक्रम का संचालन पत्रकार संजय यादव ने प्रभावी ढंग से किया। जिला संरक्षक सुरेन्द्र सिंह एवं मुख्य महासचिव ऋषि गुप्ता ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला प्रभारी हरिओम विश्वकर्मा, जिला सचिव अरविन्द कुशवाहा एवं जिला मीडिया प्रभारी अजीत कुमार सिंह सहित महासंघ के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।अंत में विंध्याचल मंडल अध्यक्ष भोला दूबे एवं जिलाध्यक्ष महेश पाण्डेय ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।समारोह में वरिष्ठ समाजसेवी श्रवण पासवान सहित ओबरा, चोपन और डाला क्षेत्र के बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





0 टिप्पणियाँ