कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर सख्त कार्रवाई होगी, शिकायत के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
सोनभद्र। खरीफ अभियान-2026 के तहत किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद की 63 बी-पैक्स, 10 अन्य सहकारी समितियों तथा इफको की 13 फ्रेंचाइजी केंद्रों के लिए कुल 1482.75 मीट्रिक टन यूरिया उर्वरक के आवंटन को स्वीकृति प्रदान की है। आवंटित उर्वरक को संबंधित समितियों एवं बिक्री केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में उर्वरक वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए तथा वितरण व्यवस्था की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उर्वरकों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी कालाबाजारी, ओवररेटिंग या कृत्रिम अभाव की शिकायत मिलती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी सहकारी समिति अथवा उर्वरक केंद्र से संपर्क कर खाद की उपलब्धता की जानकारी लें और निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक खरीदें।
प्रशासन ने शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिन पर किसान किसी भी अनियमितता की सूचना दे सकते हैं। बैठक में जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार, एडीसीओ कोऑपरेटिव सुरेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






.jpeg)
0 टिप्पणियाँ