Ad Code


 

ग्राम सभाओं में तय होगी आवास योजना की पात्रता, 17 जून से शुरू होगा महाअभियान


सोनभद्र।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्थायी पात्रता सूची को अंतिम रूप देने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 17 जून से 30 जून तक विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पात्र लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए।

सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि गांव-गांव मुनादी, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। ग्राम सभाओं में पात्र और अपात्र लाभार्थियों का सत्यापन, सूची में संशोधन तथा प्राथमिकता क्रम का निर्धारण किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि चयन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मी के विरुद्ध निलंबन जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं उपजिलाधिकारियों और लेखपालों को भूमि एवं आय संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए हैं।

ग्राम सभा की कार्यवाही का फोटो एवं वीडियो रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा तथा कम से कम 10 छायाचित्रों के साथ प्रस्तुतीकरण भी बनाया जाएगा। इसके बाद पात्रता सूची की वाल पेंटिंग सार्वजनिक स्थलों पर कराई जाएगी।

1 जुलाई से 15 जुलाई तक लाभार्थियों से आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका जिला स्तरीय समिति द्वारा परीक्षण कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे ग्राम सभाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और पात्रता सूची को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ