Ad Code


 

योग सप्ताह का भव्य आगाज़, 21 जून तक गूंजेगा योग का संदेश


सोनभद्र
। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर जनपद में योग सप्ताह का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और अधिकारियों, कर्मचारियों व प्रतिभागियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया।

सीडीओ ने कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग सप्ताह के अंतर्गत 15 से 21 जून तक जनपदभर में चित्रकला प्रतियोगिता, योग जागरूकता अभियान, सामूहिक योग सत्र और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" रखी गई है, जिसके तहत वृद्धजनों के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस किया जाएगा।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के सभी आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष चिकित्सा एवं योग शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में मधुमेह, उच्च रक्तचाप और जोड़ों के रोगों से बचाव एवं उपचार संबंधी परामर्श भी दिया जाएगा।

जनपद में योग सप्ताह के शुभारंभ के साथ ही स्वास्थ्य, जागरूकता और फिटनेस का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी शुरू हो गई है। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में बड़े स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ