सोनभद्र। जनपद के दुर्गम पहाड़ी, वनांचल एवं नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में रहने वाले हजारों ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। अब जल्द ही सोनभद्र के शैडो एरिया मोबाइल नेटवर्क की पहुंच में होंगे। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संचार सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए कलेक्ट्रेट सभागार में बीएसएनएल, एयरटेल, रिलायंस जियो सहित विभिन्न दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान
समय में मोबाइल नेटवर्क केवल बातचीत का माध्यम नहीं बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, ऑनलाइन सेवाओं एवं डिजिटल इंडिया अभियान की रीढ़ बन चुका है। ऐसे में जनपद का कोई भी गांव, बस्ती अथवा मतदेय स्थल संचार सुविधा से वंचित नहीं रहना चाहिए।समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले के 26 मतदेय स्थल अभी भी मोबाइल नेटवर्क की पहुंच से बाहर हैं। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी दूरसंचार कंपनियों को प्राथमिकता के आधार पर इन क्षेत्रों में नेटवर्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के साथ-साथ आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में भी संचार व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।बैठक में जुगैल क्षेत्र की खराब नेटवर्क व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में बेहतर नेटवर्क के लिए ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी का विस्तार आवश्यक है। इस पर जिलाधिकारी ने बीएसएनएल अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।इसके अलावा कई ग्राम पंचायतों में नए मोबाइल टावर स्थापित किए जाने के प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने नेटवर्क विहीन क्षेत्रों का सर्वे कर प्राथमिकता तय करने तथा टावर स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिन ग्राम पंचायतों में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया लंबित है, वहां इसे समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि मजबूत संचार व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं, ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन, डिजिटल बैंकिंग तथा अन्य आधुनिक सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। साथ ही आपदा, दुर्घटना या किसी भी आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।बैठक में सहायक निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी, बीएसएनएल, एयरटेल, रिलायंस जियो तथा अन्य दूरसंचार एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






.jpeg)
0 टिप्पणियाँ