भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर अधिकारियों की पैनी नजर
सोनभद्र। जनपद की कानून-व्यवस्था और कारागार व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने बुधवार को जिला कारागार चुर्क (घुर्मा) का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से जेल प्रशासन में हलचल मच गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता देखने को मिली।निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं एवं भोजन व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल परिसर की विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं को परखा तथा बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान पाकशाला (रसोईघर) में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की विशेष रूप से जांच की गई। अधिकारियों ने भोजन बनाने की प्रक्रिया, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता तथा रसोई की साफ-सफाई का अवलोकन करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था, स्नानागार, शौचालयों एवं परिसर की स्वच्छता की भी समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने बंदियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, उपचार, दवा उपलब्धता तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कारागार परिसर में सतर्कता बनाए रखने, सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि कारागार में स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा बंदियों के अधिकारों एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए।






.jpeg)
0 टिप्पणियाँ