अनुभवी नेतृत्व के हाथों ओबरा तापीय परियोजना की कमान
ओबरा (सोनभद्र), 31 मई 2026। यूपी राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (यूपीआरवीयूएनएल) के आदेशानुसार वरिष्ठ अभियंता एवं मुख्य अभियंता (स्तर-1) इं. दूधनाथ ने शनिवार को ओबरा तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह दायित्व सेवानिवृत्त हुए मुख्य महाप्रबंधक इं. राजेन्द्र कुमार अग्रवाल के स्थान पर संभाला है।निगम द्वारा उन्हें मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना का मूल कार्यभार तथा मुख्य अभियंता, ओबरा ‘ब’ ताप विद्युत गृह का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।ऊर्जा उत्पादन क्षेत्र में लगभग 35 वर्षों का अनुभव रखने वाले इं. दूधनाथ तकनीकी दक्षता, प्रभावी प्रबंधन और कुशल नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं। बस्ती जनपद के निवासी इं. दूधनाथ ने वर्ष 1988 में जी.बी. पंत इंजीनियरिंग कॉलेज से विद्युत अभियंत्रण में प्रथम श्रेणी से स्नातक की उपाधि प्राप्त की थी। वर्ष 2008 में उन्होंने ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई), भारत सरकार से एनर्जी ऑडिटर की योग्यता भी हासिल की।अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने अनपरा एवं ओबरा तापीय परियोजनाओं में संचालन, अनुरक्षण, उत्पादन प्रबंधन और दक्षता संवर्धन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन किया। वर्ष 2023 से 2026 तक वे अनपरा ‘ए’ तापीय परियोजना के मुख्य अभियंता पद पर कार्यरत रहे।कार्यभार ग्रहण करने के बाद इं. दूधनाथ ने कहा कि उनकी प्राथमिकता परियोजना की सभी उत्पादन इकाइयों का सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आर्थिक संचालन सुनिश्चित करना है। साथ ही उत्पादन क्षमता में वृद्धि कर निगम की अपेक्षाओं को पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।ओबरा तापीय परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नए मुख्य महाप्रबंधक का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।





0 टिप्पणियाँ