अमेठी। जनपद अमेठी के कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा, औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला किसानों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुई। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा अमेठी के जिला महामंत्री सोनू सिंह ने किसानों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल खेती की लागत कम करती है, बल्कि भूमि की उर्वरता बढ़ाकर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. नवनीत कुमार मिश्र एवं कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा की टीम द्वारा किया गया। इस दौरान किसानों को प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीकों, जैविक उर्वरकों के उपयोग तथा रसायन मुक्त कृषि के लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।मुख्य अतिथि ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान अर्जुन सिंह भदौरिया, भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष राम चरण पासी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कृषक महिलाएं उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के अंत में किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाकर लागत घटाने, आय बढ़ाने और स्वस्थ भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।






.jpeg)
0 टिप्पणियाँ