प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
अमेठी। जनपद के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण कदम देखने को मिला, जब प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री एवं अमेठी की प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने तिलोई स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश यादव ने बताया कि कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू हो चुकी है और पहले बैच की सभी 100 सीटों पर प्रवेश पूर्ण हो चुका है।
वहीं 200 बेड के रेफरल अस्पताल में ओपीडी सेवाएं संचालित की जा रही हैं।प्रभारी मंत्री ने शैक्षणिक भवन, छात्रावास, प्रशासनिक भवन और अन्य निर्माणाधीन सुविधाओं का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज पूरी तरह शुरू होने के बाद अमेठी और आसपास के जिलों के लाखों लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।मंत्री ने मेडिकल छात्रों से भी संवाद कर उनकी पढ़ाई, आवास और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी., भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ