बभनी (सोनभद्र)।बभनी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय मासूम समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसा पोखरा स्थित विष्णुप्रिया ढाबा के समीप उस समय हुआ, जब बलिया जिले के सिकंदरपुर निवासी एक परिवार कार से रेणुकूट होते हुए रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रहा था। इसी दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक टैंकर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे में 33 वर्षीय रूचि सिंह पत्नी पवन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यतेंद्र सिंह (70), मालती सिंह, पवन सिंह (35), पंकज सिंह और चार वर्षीय रिमझिम घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने रूचि सिंह को मृत घोषित कर दिया।प्राथमिक उपचार के बाद यतेंद्र सिंह पुत्र धर्मदेव सिंह और पवन सिंह पुत्र यतेंद्र सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ