नियम विरुद्ध आवासीय पट्टे निरस्त, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की बड़ी कार्रवाई
सोनभद्र। जनपद में सरकारी भूमि और ग्राम समाज की संपत्तियों पर अनियमितताओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश पर तहसील रॉबर्ट्सगंज के राजस्व ग्राम लसड़ा में आवासीय पट्टों की गहन जांच कराई गई, जिसमें कई पट्टे नियमों के विपरीत आवंटित पाए गए।जांच के दौरान राजस्व अभिलेखों, उपलब्ध साक्ष्यों तथा पट्टा आवंटन प्रक्रिया का विस्तृत परीक्षण किया गया। मामले की सुनवाई के बाद सक्षम न्यायालय ने नियम विरुद्ध पाए गए आवासीय पट्टों को निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया। न्यायालय ने संबंधित भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल करने के निर्देश भी दिए हैं।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार वादग्रस्त भूमि को पुनः राजस्व अभिलेखों में श्रेणी-5(3) बंजर खाते में दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यदि किसी मामले में स्थगन आदेश प्रभावी पाया जाता है तो उसके निरस्तीकरण के बाद आगे की राजस्व कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि सरकारी भूमि, राजस्व अभिलेखों और सार्वजनिक संपत्तियों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध लाभ लेने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्राम समाज की भूमि की नियमित निगरानी की जाए तथा भूमि संबंधी सभी मामलों में पारदर्शिता और विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए।लसड़ा में नियम विरुद्ध पट्टों के निरस्तीकरण की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी सरकारी भूमि और पट्टा आवंटन से जुड़े मामलों की जांच तेज हो सकती है।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ