सरकार आपके द्वार" अभियान के तहत बहू आर गांव में लगी जन चौपाल, मंत्री ने सुनीं समस्याएं
सोनभद्र। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे "सरकार आपके द्वार" अभियान के तहत शनिवार रात विकास खंड सदर के बहू आर गांव में आयोजित जन चौपाल ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का बड़ा मंच बन गई। प्रदेश सरकार के लघु एवं सूक्ष्म उद्योग मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने देर रात तक ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।चौपाल में पेयजल संकट, खराब सड़कें, बिजली आपूर्ति, आवास योजना, पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सेवाओं तथा राजस्व संबंधी मामलों को लेकर ग्रामीणों ने खुलकर अपनी बात रखी। प्रभारी मंत्री के साथ घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं अन्य अधिकारियों ने भी एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि गांव का अंतिम व्यक्ति भी विकास योजनाओं का लाभ प्राप्त करे। उन्होंने कहा कि अब जनता को अपनी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि शासन-प्रशासन स्वयं गांवों तक पहुंचकर समाधान उपलब्ध करा रहा है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।चौपाल के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने योजनाओं की प्रगति, लाभार्थियों की स्थिति तथा विभागीय कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह जाए।कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सदर अजीत रावत, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमित शरण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चौपाल के माध्यम से अपनी समस्याएं सीधे शासन-प्रशासन तक पहुंचने पर संतोष व्यक्त किया और समाधान की उम्मीद जताई।






.jpeg)
0 टिप्पणियाँ