Ad Code


 

बदायूं में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, डीएम अवनीश राय ने सुनीं जनसमस्याएं

46 शिकायतें हुईं दर्ज, 4 का मौके पर निस्तारण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


भारत लाइव टीवी जिला ब्यूरो आरिफ खान बदायूं 

बदायूं। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील सहसवान में शनिवार को जिलाधिकारी अवनीश राय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां जिलाधिकारी ने स्वयं शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।समाधान दिवस में कुल 46 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग की सर्वाधिक 23 शिकायतें रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 7, विकास विभाग की 5 तथा अन्य विभागों से संबंधित 11 शिकायतें दर्ज की गईं। प्राप्त शिकायतों में से 4 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि आमजन की समस्याओं का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी ने सहसवान-बदायूं मार्ग का निरीक्षण भी किया। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने एक स्थान पर डिवाइडर के गैप को बंद कराने तथा दूसरे स्थान पर कर्व के पास शेवरॉन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर जनता की समस्याओं के प्रति अपनी संवेदनशीलता और जवाबदेही का परिचय दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ