सोनभद्र। प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ कर दिया है। योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षक एवं उनके परिवार अब कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। साथ ही 1.10 करोड़ विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूता, मोजा, स्वेटर, बैग और स्टेशनरी के लिए ₹1200 प्रति छात्र की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शिक्षकों को योजना से संबंधित प्रमाण-पत्र वितरित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी सामाजिक सुरक्षा को भी मजबूत करेगी।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, समाज कल्याण राज्य मंत्री के प्रतिनिधि संजीव कुमार तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ