Ad Code


 

सोनभद्र की छतों पर उतर रही 'बचत की छतरी', 3365 घरों में लगा रूफटॉप सोलर प्लांट


सोनभद्र
। देश के प्रमुख विद्युत उत्पादन जनपद सोनभद्र में अब आमजन भी अपने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाकर मुफ्त बिजली का लाभ उठा रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिले में अब तक 3365 घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं, जिससे प्रतिदिन 50 हजार यूनिट से अधिक बिजली का उत्पादन हो रहा है।

यूपीनेडा के परियोजना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि योजना के तहत 2955 लाभार्थियों के खातों में सब्सिडी की राशि भेजी जा चुकी है, जबकि शेष लाभार्थियों को भी जल्द भुगतान किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के 4042 घरों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। अप्रैल से जून 2026 के बीच 971 नए लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार संयुक्त रूप से आकर्षक सब्सिडी प्रदान कर रही हैं। 1 किलोवाट सोलर संयंत्र पर 45 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 90 हजार रुपये तथा 3 किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर 1.08 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिले में योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से घरेलू उपभोक्ताओं का बिजली बिल कम होने के साथ-साथ स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ