Ad Code


 

सोनभद्र में पौधारोपण महाभियान को लेकर हाई अलर्ट, मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


सोनभद्र, 11 जुलाई।
जनपद में 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधारोपण महाभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण सुनिश्चित करें तथा अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

मंडलायुक्त ने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की सुरक्षा, संरक्षण और नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए, ताकि पौधों के जीवित रहने की दर अधिकतम रहे। उन्होंने प्रत्येक पौधारोपण स्थल की जियो-टैग फोटो समय पर अपलोड करने और अभियान की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को जनआंदोलन बनाने पर जोर देते हुए जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने भरोसा दिलाया कि मंडलायुक्त के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण करेंगे और अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ