Ad Code


 

IGRS पर लापरवाही नहीं चलेगी, CM Dashboard में प्रदेश में दूसरे स्थान पर सोनभद्र


सोनभद्र, 11 जुलाई।
विंध्याचल मंडल के आयुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, आईजीआरएस, निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारी प्रतिदिन पोर्टल की समीक्षा करें, लंबित मामलों का तत्काल समाधान करें और सुबह 10 से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई सुनिश्चित करें। मुख्यालय पर निवास न करने या कार्य में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

समीक्षा बैठक में आयुक्त ने सभी विभागों को निर्माणाधीन परियोजनाएं तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी करने और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक का सबसे अहम पल तब रहा जब आयुक्त ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में विकास कार्यों के आधार पर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल करने पर सोनभद्र प्रशासन की खुलकर सराहना की। उन्होंने जिलाधिकारी चर्चित गौड़ सहित सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि टीम भावना से कार्य करते हुए जनपद को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाए और शासन की सभी प्राथमिकताओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित राजस्व, विकास एवं निर्माण कार्यों से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ