सोनभद्र, 11 जुलाई। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के साथ-साथ साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में सोनभद्र पुलिस और जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शनिवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने थाना ओबरा परिसर में नवनिर्मित मिशन शक्ति केंद्र और साइबर सेल का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं को त्वरित सहायता, परामर्श और सुरक्षा संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे जरूरतमंद महिलाओं को समय पर मदद मिल सकेगी। वहीं, साइबर सेल ऑनलाइन ठगी, डिजिटल फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों की शिकायतों का तेजी से निस्तारण करने के साथ लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक भी करेगी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी या महिलाओं से जुड़े अपराध की सूचना बिना देर किए पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ओबरा थाने में मिशन शक्ति केंद्र और साइबर सेल की शुरुआत को जिले में महिला सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।







.jpeg)
0 टिप्पणियाँ