Ad Code


 

स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगेगा सोनभद्र

 प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वास्थ्य शिविर से लेकर शहीदों को नमन और कवि सम्मेलन तक होंगे विविध आयोजन


सोनभद्र, 14 अगस्त।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरा सोनभद्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। जिला प्रशासन की ओर से जनपद एवं तहसील स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सरकारी भवनों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर तिरंगा लाइटिंग की गई है।

जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया जाएगा। सुबह 7 बजे जनपद एवं तहसील स्तर पर प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें विद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। इसी समय तियरा स्टेडियम में क्रॉस कंट्री रेस आयोजित होगी और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व युवक मंगल दलों एवं महिला मंगल दलों की मिनी मैराथन भी आयोजित की गई है।

सुबह 8 बजे सभी सरकारी एवं गैर सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान होगा। 10:15 बजे विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ देशभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियां होंगी। 10:35 बजे तहसील रॉबर्ट्सगंज एवं घोरावल में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पत्नियों को सम्मानित किया जाएगा।

11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके साथ ही जिले के अन्य कार्यालयों एवं विद्यालयों में भी पौधरोपण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन होगा। राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों एवं कस्तूरबा विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ विशेष भोज भी आयोजित किया जाएगा।

दोपहर 1:30 बजे स्थानीय निकायों की मलिन बस्तियों में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए जाएंगे और मिष्ठान वितरण कराया जाएगा। 2 बजे जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। इसी क्रम में कस्तूरबा विद्यालयों, राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों सहित अन्य संस्थानों के विद्यार्थियों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया जाएगा।

अपराह्न 3 बजे परासी दुबे स्थित शहीद स्थल पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान एवं माल्यार्पण किया जाएगा तथा शहीद उद्यान में श्रद्धासुमन अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया जाएगा।

वहीं शाम 6:30 बजे विवेकानंद प्रेक्षागृह, रॉबर्ट्सगंज में कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान, राष्ट्रीय एकता और साम्प्रदायिक सौहार्द जैसे विषयों पर देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से सोनभद्र में राष्ट्रभक्ति, एकता और देश के वीर सपूतों के प्रति सम्मान का संदेश गूंजेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ