मारकुंडी घाटी में मौत का मोड़: खाई में गिरा तारकोल टैंकर, चालक की दर्दनाक मौत

गुरमा/सोनभद्र (रिपोर्ट इस्तियाक अहमद)।चोपन थाना क्षेत्र की खतरनाक मारकुंडी घाटी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे बेगूसराय से ओबरा जा रहा तारकोल से लदा टैंकर घाटी के तीसरे मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि टैंकर चालक सुमन सिंह (निवासी गिरीडीह, झारखंड) गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना मिलते ही गुरमा चौकी प्रभारी अतुल कुमार पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अंधेरे और खतरनाक हालात के बीच स्थानीय लोगों और पुलिस ने साहस दिखाते हुए खाई में उतरकर चालक को बाहर निकाला। घायल अवस्था में उसे तत्काल एम्बुलेंस से लोढ़ी मेडिकल कॉलेज भेजा गया।लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इलाज के दौरान देर रात चालक सुमन सिंह ने दम तोड़ दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है। परिजनों और वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मारकुंडी घाटी के खतरनाक मोड़ों पर आखिर कब लगेगी लगाम? आए दिन हो रहे हादसे प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने