ओबरा/सोनभद्र। नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर पंचायत ओबरा ने “सिटिजन फीडबैक स्वच्छता अभियान 2025-26” का जोरदार शुभारंभ कर दिया है। नगर पंचायत की टीम अब सीधे जनता के बीच पहुंचकर शहर की सफाई व्यवस्था का फीडबैक ले रही है।अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों और नगर पंचायत टीम ने बाजारों, गलियों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों का दौरा कर लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया। अभियान के दौरान नागरिकों से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, नियमित सफाई व्यवस्था और झाड़ू लगाने की व्यवस्था को लेकर राय ली गई।अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में जनता की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोग बढ़-चढ़कर फीडबैक दें, क्योंकि जनता की प्रतिक्रिया के आधार पर ही भविष्य की सफाई योजनाओं में सुधार किया जाएगा।उन्होंने बताया कि सफाई कर्मचारी प्रतिदिन सुबह से ही गलियों और सड़कों को स्वच्छ रखने में जुटे रहते हैं। घर-घर कूड़ा उठाने से लेकर नालियों की सफाई तक कर्मचारी पूरी मेहनत और ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं। ऐसे कर्मियों के समर्पण का सम्मान करना भी हर नागरिक की जिम्मेदारी है।अभियान के तहत लोगों को क्यूआर कोड और अन्य माध्यमों से अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कराने के लिए जागरूक किया गया। नगर प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि स्वच्छता केवल नगर पंचायत की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही आदर्श नगर का निर्माण संभव है।इसके साथ ही नगरवासियों से अपील की गई कि यदि किसी भी क्षेत्र में सफाई संबंधी समस्या दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित कार्यालय को दें, ताकि समय रहते समाधान कराया जा सके। नगर पंचायत ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए ओबरा को स्वच्छ और सुंदर नगर बनाने का संकल्प दोहराया।





0 टिप्पणियाँ